समीर लाल जी,
पहली बार आप से असहमत हो रहा हूं शायद। गुलाल देखी है मैंने, जितनी आसानी से आपने इसकी समीक्षा कर दी है उतनी आसानी से नहीं बनी है ये फिल्म। अनुराग कश्यप से लेकर केके मेनन, आदित्य श्रीवास्तव, राज चौधरी, पीयूष मिश्रा, अभिमन्यू सिंह, दीपक डोबरियाल सबने बहुत मेहनत करके इस फिल्म को बनाया है। २००१ से अनुराग कश्यप के दिमाग में इस फिल्म का प्लॉट चल रहा था।
हां, मैं ये मान सकता हूं कि फिल्म का विष्य गलत है, जहां हर तरफ बंटने-बांटने की बात चल रही हो तो चिंगारी पैदा करने की जरूरत ही क्या थी। चलिए मान लिया, फिल्म में एक-दो जगह नहीं कई जगह भटकाव है और कुछ हद तक हम ये भी मान लेते हैं कि इस फिल्म के गीत, कविताओं की पैरोडी की तरह लगे।
पर तीन बातों पर शायद लोग गौर नहीं कर पाए-
सभी कलाकारों की अदाकारी,
चाहे राजपूताना नहीं बता पाई हो फिल्म लेकिन राजनीति जरूर बताती है,
फिल्म के गानों के बोल-सुभानअल्लाह।
सभी कलाकारों की अदाकारी
फिल्म के अधिकतर कलाकार रंग मंच से जुड़े हुए हैं। सबने बड़े परदे को थिएटर मानकर अपनी अदाकारी बिखेरी है। लगता है कि फिल्म एक आम आदमी, एक स्टूडेंट से जुड़ी हुई है। वो आम आदमी जिसे नंगा किया जाता है, ‘माइंड वाश’ किया जाता है और जब उसको गुस्सा आता है तो सर भी फोड़ देता है। कमर्शियल मूवी की तरह नहीं कि एक हीरो सौ आदमियों पर भारी पड़ता है और खाली हाथ-पैर से ही एक लोकेशन पर गुंडों को मार डालता है। कलाकारों ने कितने सरल अंदाज में अभिनय किया है ये इस फिल्म की यूएसपी है। किसी कॉलेज के चुनाव को लो बजट मूवी में इसी तरफ से ही दिखाया जा सकता था। चुनाव के समय रणसा का डडबाल के कमरे का दरवाजा खटखटाना और हंसना वहीं दूसरी तरफ दलीप का पीछे से आकर अपना पर्चा लगाना कलाकारी दिखाता है। कोई भी भव्य सेट नहीं है हर जगह आर्ट मूवी जैसी ही दिखती है ये फिल्म।
क्या ये लाइनें हुक्मरानों पर फिट नहीं बैठती-
इस मुल्क ने जिस शख्स को जो काम था सौंपा, उस शख्स ने उस काम की माचिस जला के छोड़ दी।
एक अमीर बाप से उन्हीं के पैसों पर ऐश करते बेटे की मुंहजोरी-
मुझे अमर चित्रकथा में नहीं जीना।
चाहे राजपूताना नहीं बता पाई हो फिल्म लेकिन राजनीति जरूर बताती है
‘...याद है अफगानिस्तान में नजीबउल्लाह को कैसे चौराहे पर लटकाया था...’।ये डायलॉग केके मेनन के थे जब कि रणसा और दलीप डडबाल का सर खोलकर आते हैं।‘नहीं बना...डडबाल ने नजीबउल्लाह वाली बात का बदला लिया था’। रणसा के क़त्ल से कैसे जोड़ते हैं इस बात को बहन और भाई। बिल्कुल घाघ राजनीति दिखाई गई है। पता ही नहीं चलता कि कब क्या हो रहा है और क्यों? एक उच्च कोटी की राजनीति को दर्शाती है ये फिल्म।
फिल्म के गानों के बोल-सुभानअल्लाह।
मैं आपकी इस बात से बिल्कुल भी सहमत नहीं हूं कि-‘गीतों के नाम पर कविताओं की पैरोडी और उन पर झमाझम नाचती, बल खाती बाला.पियूष मिश्रा के गीत पर-जैसे दूर देश के टावर में घुस गयो रे ऐरोप्लेन’।
इस फिल्म में आठ गाने हैं और सभी पीयूष मिश्र ने लिखे है और कुछ गाए भी हैं। किसी दूसरे गाने के बारे में बात क्यों नहीं।
आरंभ है प्रचंड...वीर रस की कविता है। मेरा कुछ सामान...भी एक कविता ही थी जिसे गाने का रूप पंचम दा ने दिया था। और पीयूष मिश्र के गानों में नुक्कड़ संगीत वाली बात भी रहती है क्योंकि वो ज्यादा लोगों को मौका देने की फिराक में रहते हैं। साथ ही कई गानों में तो जैसे ऐसी सज़ा देती हवा तन्हाई भी तन्हा नहीं...इसमें पूरे वेस्टर्न म्यूजिक का इस्तेमाल किया गया है मतलब वादयंत्रों से है। ओ री दुनिया...गाने के शब्द इस दुनिया पर तमाचा मारते हुए लगते हैं साथ ही इस गाने में मुख्य रूप से तबला और हारमोनियम पर गाना बनाया है, आज के म्यूजिक डायरेक्टर बनाए तो जरा। रात के मुसाफिर...गाना नहीं लगता है अपने में ही एक आदमी को चुनौती देता सा लगता है कहीं दूर बैकग्राउंड में गिटार बज रहा है वो भी धीरे-धीरे। जब शहर हमारा सो गयो थो...ये ट्रडिशनल सांग की तर्ज पर बना हुआ लगता है। रणसा की मौत के समय पर ये गाना लगाया गया था और जब भी गाना सुनोतो दृष्य याद आ ही जाता है।यारा...मौला...ये गाना एक फास्ट नंबर है और इसके बोल एक कॉलेज के लड़के की विपदा को पूरा बताते हैं...फिर वो आए, भीड़ बनकर, हाथ में थे उनके खंजर, बोले फेंको ये किताबें, और संभालो ये सलाखें...इस गाने के अंत में...अब हमारे लगा ज़ायका खून का अब बताओ करें तो करें क्या...पढ़ने लिखने वाला छात्र खंजर हाथ में उठा ले तो उसको ये सवाल करने का हक मिल जाता है कि जिन्होंने भी बरगलाया उसको बेहतर है उनसे ये सवाल पूछ ले, ना मिले जवाब तो खुद से पूछ ले। अभी तक इसमें मैंने उस फूहड़ गाने का जिक्र नहीं किया है जो कि बीड़ी जलाईले की तर्ज पर बनाया गया था।
मेरे लिहाज से तो इस फिल्म में ये खूबियां थी जो मैंने देखी।
मैं जानता हूं कि समीर जी के खिलाफ जाने का मतलब है अपने लिए मुसीबत मोल ले लेना लेकिन ये मेरी राय है इस फिल्म के बारे में।
खोने की जिद्द में ये क्यों भूलते हो कि पाना भी होता है....।
आपका अपना
नीतीश राज
"MY DREAMS" मेरे सपने मेरे अपने हैं, इनका कोई मोल है या नहीं, नहीं जानता, लेकिन इनकी अहमियत को सलाम करने वाले हर दिल में मेरी ही सांस बसती है..मेरे सपनों को समझने वाले वो, मेरे अपने हैं..वो सपने भी तो, मेरे अपने ही हैं...
Showing posts with label movie. Show all posts
Showing posts with label movie. Show all posts
Saturday, April 4, 2009
Tuesday, February 24, 2009
रहमान, गुलजार, रेसुल की जय हो...जय हो...

जय हो, जय हो, जय हो....। जी हां, आज इस गाने की गूंज ने ऑस्कर में धूम मचाई। देश को गर्व हो रहा है कि आज हमारे भारत के संगीत का परचम उस जगह भी गूंजा जहां पर हमेशा से फिल्म इंडस्ट्री चाहती थी कि ऐसा हो। पहले गोल्डन ग्लोब फिर बाफ्टा में सर्वश्रेष्ठ बनने के बाद अब बारी थी ऑस्कर की। और हुआ भी कुछ ऐसा ही। ऑस्कर में 9 कैटेगरी में 10 नॉमिनेशन, जिसमें से 8 में ऑस्कर अवॉर्ड। रहमान ने भारत के लिए पूरा कर दिया सपना। वो सपना जिसे पता नहीं कितने फिल्मकारों ने देखा, कितनों ने पूरा करने की कोशिश की। ४४ साल के अल्लाह रख्खा रहमान की चर्चा तो १९८० के दशक में बॉम्बे डाइंग के लिए बनाए गए जिंगल से ही शुरू हो गई थी। फिर १९९२ में मणिरत्नम की रोजा में दिए संगीत से भी उनकी पहचान बनी और उन्हें नेशनल अवॉर्ड भी मिला। रंगीला, दिल से, बॉम्बे, जींस, ताल, लगान, साथिया, रंग दे बसंती, स्वदेश, गुरु फिल्मों में अपना संगीत दिया। २००० में ही रहमान को पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। अभी तक स्लमडॉग मिलेनेयर के लिए ए आर रहमान को ११ अंतर्राष्ट्रीय अवॉर्ड मिल चुके हैं। ए आर रहमान ने इतिहास रच दिया है।
ऑस्कर में स्लमडॉग की धूम रही----
बेस्ट फिल्म – स्लमडॉग मिलेनयर- क्रिसचन कॉल्सन(पहली बार नॉमिनेशन) बेस्ट डायरेक्टर-डैनी बॉयल

बेस्ट म्यूजिक सॉन्ग- संगीतकार-ए आर रहमान, गीतकार-गुलजार(जय हो..)
बेस्ट ओरिजनल स्कोर-ए आर रहमान(तीन नॉमिनेशन)

बेस्ट साउंड मिक्सिंग-रेसुल पोकुट्टी, रिचर्ड प्रायके, इयान टेप (पहली बार नॉमिनेशन)
बेस्ट एडिटिंग- क्रिस डिकेंस (पहली बार नॉमिनेशन)
बेस्ट सिनेमैटोग्राफी-एंथनी डॉड मेंटल (पहली बार नॉमिनेशन)
बेस्ट (राइटिंग)एडैप्टेड स्क्रीनप्ले-साइमन ब्यूफॉय(साइमन का ये दूसरा नॉमिनेशन था। इससे पहले 1997 में द फुल मॉन्टी के लिए)
स्लमडॉग मिलेनेयर को सिर्फ साउंड एडिटिंग में अवॉर्ड नहीं मिला। सिर्फ एक ये कैटेगरी थी जिसमें कि नामांकित होने के बाद अवॉर्ड नहीं मिला।
बेस्ट शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री के लिए ‘स्माइल पिंकी’ को ऑस्कर मिला। इस डॉक्यूमेंट्री को भारत के राज्य उत्तरप्रदेश के वाराणसी शहर में शूट किया गया था। ये एक ऐसी लड़की की कहानी है जिसकी जिंदगी एक छोटे से ऑपरेशन के कारण खुशहाल हो जाती है और इस फिल्म की डायरेक्टर ने भी एक सुखद अंत को ही अवॉर्ड का हकदार माना है।

एक लड़की पिंकी जो कि हंसना चाहती है लेकिन उसका होठ कटा हुआ है वो हंसने में असमर्थ है। उस पिंकी की लड़ाई एक सामाजिक संस्था ने लड़ी हक दिलाने की लड़ाई। मेगन माइलन ने जब ये अवॉर्ड लिया तो कहा कि स्माइल पिंकी। ये अवॉर्ड डॉ सुबोध के लिए भी जिन्होंने बिना कोई फीस लिए पिंकी का ऑपरेशन किया।
इस बार ऑस्कर में और क्या रहा खास--

बेस्ट एक्टर मेल 2008-शियान पेन, फिल्म मिल्क के लिए ऑस्कर, ५वीं बार नामांकित, सबसे पहली बार 1995 में डेड मैन वॉकिंग के लिए नामांकित।
बेस्ट एक्टर फिमेल 2008- केट विंस्लेट, फिल्म द रीडर के लिए ऑस्कर, छठी बार नामांकित, सबसे पहली बार 1995 में सेन्स एंड सेनसिबिलिटी के लिए स्पोर्टिंग रोल के लिए नामांकित।वैसे जो भी हो स्लमडॉग मिलेनेयर एक भारतीय मूवी ही है। अगली कोशिश तो ये होगी की भारत में भारतीय निर्माता-निर्देशक की मूवी को जल्द ही ऑस्कर मिले। भारत में ऐसी मूवी बन सकती हैं पर तब सोच सिर्फ पैसे कमाने की ना होकर लक्ष्य ऑस्कर हो।

आपका अपना
नीतीश राज
फोटो साभार-ऑस्कर
Subscribe to:
Posts (Atom)
“जब भी बोलो, सोच कर बोलो,
मुद्दतों सोचो, मुख्तसर बोलो”