Showing posts with label Olympics. Show all posts
Showing posts with label Olympics. Show all posts

Tuesday, August 26, 2008

क्या ट्रॉफियों के ऊपर भारी पड़ेंगे ये पदक?

बीजिंग ओलंपिक 2008 तो हो गए। भारत ने तीन पदक जीतकर अपने लिए तो इतिहास भी रच दिया। पर एक सवाल यहां मेरे जहन में उठ रहा है। क्या एक पदक किसी ट्रॉफी के बराबर होता है या फिर ऊंचा या फिर....? क्या ये तीन पदक उन करोड़पति ट्रॉफी पर भारी पड़ पाएंगे? एक बार 1983 में ये हमें मिली जिस पर पूरे देश को नाज है। पर एक बार सपना दिखाकर कहीं छूट गई। पिछले साल एक बार और ऐसा कमाल हुआ और फिर से एक नई ट्रॉफी देश में आगई। पर अब, क्या ये तीन पदक उस भ्रम को तोड़ पाएंगे, जो आज की युवा पीढ़ी संजोए रखती है और साथ ही उनका परिवार, जो कि भेड़ चाल में आंख मूंदे चले जा रहे हैं। इस देश में क्रिकेट को धर्म की तरह पूजा जाता है। एक-एक खिलाड़ी की कीमत करोड़ों में लग रही है, 45 दिन खेलकर के करोड़ों कमा जाते हैं। और वहीं दूसरी तरफ ओलंपिक में कामयाबी हासिल करने के बाद भी क्या वो इतना कमा पाएंगे जितना कि ये क्रिकेटर कमा जाते हैं।
भारत के लिए इस बार का ओलंपिक कुछ ज्यादा ही अहम रहा। तीन पदक भी मिले,108 साल के इतिहास में पहली बार तीन पदक(वैसे ओलंपिक को शुरू हुए 112 साल)। पहला व्यक्तिगत गोल्ड पदक अभिनव बिंद्रा के नाम, गोल्ड पाते हुए बेशक अभिनव बहुत सहज दिखे हों पर देश बिल्कुल सहज नहीं था। पहली बार किसी ने एकल प्रतियोगिता में पदक जीता था, वो भी गोल्ड मेडल। जहां भारत की झोली में स्वर्ण पदक सिर्फ हॉकी में ही आए, जिसको लाने का गौरव पूरी टीम को जाता है वहां पर एक खिलाड़ी के द्वारा लाया ये पदक हमारे लिए कहीं पर भी उन 8 गोल्ड मेडल से कम नहीं है।

मुक्केबाजी में पहली बार पदक मिला चाहे वो कांस्य ही क्यों ना हो। स्वर्ण का सपना तो टूट गया विजेंदर, अखिल और जितेंदर का, पर स्वर्णिम अक्षरों में नाम जरूर लिखवा लिया विजेंदर ने। बॉक्सिंग में पहली बार देश को कोई भी पदक हाथ लगा और पहली बार तीन खिलाड़ी क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे, अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रर्दशन।
1952 के बाद कुश्ती में पदक। सुशील कुमार से कोई इतनी उम्मीद नहीं लगाए बैठा था। लेकिन उसने अपना नाम भी के एन जाधव जी के साथ स्वर्णिम अक्षरों में लिखवा लिया।

सारा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। पर क्या ये गौरव कुछ दिन तक ही रहेगा या फिर इसकी गूंज दूर तलक भी जाएगी, लंदन तक? क्या क्रिकेट का जो जुनून देश के सर चढ़कर बोलता है, वैसा ही जुनून इनका भी देश के सर चढ़कर बोलेगा? यदि सरकार नहीं सुधरी तो नहीं बोलेगा। विजेंदर को जिस होटल में ठहराने की बात थी वो भी जब कि वो देश का नाम रोशन करके आया हो। उससे तो नहीं लगता कि सरकार जागेगी। किसी भी क्रिकेटर को रुकवाया गया होता तो पता चलता साफ ठहरने से मना कर दिया होता। ये सरकार के नुमाइंदे दलाल है और दलाली के सिवा कुछ नहीं कर सकते।

बहुत कुछ तो युवाओं पर भी निर्भर करता है। अब ये उदाहरण ही ले लीजिए। रीएलिटी शो क्या शुरू हुए लाखों की तादाद में युवा वर्ग आगे आया। इनमें से आगे वो आए जो कि काम चोर थे, आलसी थे, निकम्मे थे या फिर दिन में ही जागते हुए ख्याली पुलाव बनाने वाले, मिनटों में अमीर बनने का सपना देखने वाले थे। अधिकतर युवाओं को ये भी नहीं पता था कि जिस जगह वो जा रहे हैं वहां पर ट्रैनिंग की भी जरूरत होती है। कुछ को तो मुगालते ने ही मार डाला था कि वो अमिताभ, अक्षय, शाहरुख या फिर आमिर, सलमान, सैफ की तरह दिखते हैं। वो ही हाल लड़कियों का था लेकिन ये बात खुद ऑर्गेनाइजरों ने भी मानी की जितनी लड़कियां वहां पर पहुंची थी उसमें अधिकतर सोच कर आईं थी और जानती थीं कि वो किस लिए यहां पर आई हैं। क्या ये युवा वर्ग तैयार है इतनी मेहनत के लिए जितनी की ये मुक्केबाज, पहलवान, शूटर और क्रिकेटर करते हैं। ये पहलवान तो एक कमरे में 12 एक साथ रहते हैं। अभिनव एक हॉल में 10-12 घंटे बंद रहकर शूटिंग की प्रैक्टिस किया करते थे। क्या इतना अभ्यास करने के लिए वो तैयार हैं तो फिर हम भी लंदन में करिश्मा दिखाने के लिए तैयार है।

ये सोती हुई सरकार यदि नहीं जागी तो देश के युवाओं की मेहनत पर पानी फिर जाएगा। 1980 तक ओलंपिक में चीन पहले 10 देशों की सूची में नहीं आता था। और 2008 में चीन 51 गोल्ड के साथ नंबर 1 पर है और हमारा नंबर 50वां है। क्या हम ये सोच सकते हैं कि आने वाले 28 साल बाद हम पहले नंबर पर होंगे या फिर पहले 5 देशों में शुमार हो पाएंगे? क्या क्रिकेट को छोड़कर इन खेलों पर भी ध्यान दिया जाएगा?

आपका अपना
नीतीश राज
(अपनी राय के साथ-साथ इन दो सवालों के लिए आप वोट भी कर सकते हैं।)

Saturday, August 16, 2008

"अखिल की जीत से रोया वर्ल्ड चैंपियन"


ऑफिस में सब गदगद हो गए। सबके चेहरे पर जैसे खुशी की एक अनोखी लहर दौड़ रही थी। भई बात ही कुछ ऐसी थी। सच पूछो तो वो चार राउंड और आठ मिनट ऐसे लग रहे थे कि जैसे कि किसी ने मेरे सर पर पहाड़ रख दिया हो। इतना टेंस में शायद ही खेलों को लेकर के कभी होता हूं। ओलंपिक्स में भारतीय मुक्केबाजों का अब तक का सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस है। इससे पहले कभी भी दो मुक्केबाज क्वार्टर फाइनल तक नहीं पहुंचे है। और अभी तीसरे मुक्केबाज से हमें उम्मीद है कि वो क्वार्टर फाइनल में जगह बना लेगा। वीरेंदर और अखिल तो क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं लेकिन जितेंद्र को अपने गुरु की राह पर चलते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनानी है।
बैटम वेट में अखिल ने वर्ल्ड चैंपियन सर्गी वोडोप्यानोव को हराकर अपने चैंपियन बनने के दावे को और पुख्ता किया है। इस उल्टफेर की उम्मीद तो खुद रूस के सर्गी को नहीं थी लेकिन जब ये फैसला हुआ तो वर्ल्ड चैंपियन भी रो दिया। पहले राउंड में अखिल 2 के मुकाबले 1 प्वाइंट से पीछे था। यहां हमारा दिल हो रहा था कि बस अगले राउंड में तो अखिल वापसी कर ही लेगा। सारे ऑफिस में खुसुर-पुसुर हो रही थी कि क्या जीत पाएगा अखिल। दूसरे दौर में भी अखिल 3-4 से सर्गी से पीछे रहा। दिल की धड़कनें तेज होने लगी। अब थोड़ी थोड़ी शांति छाने लगी थी ऑफिस में। तीसरा दौर शुरु हुआ और यहां पर दुआओं का दौर। लेकिन इस में भी वर्ल्ड चैंपियन ने अखिल को आगे आने नहीं दिया। अखिल को देखते ही लग रहा था कि वो अब भूखा हो चला है जीत के लिए। वो लंबे पंच तक मारने में लग गया। तीसरा राउंड समाप्त और प्वाइंट में अखिल 7-8 से पीछे। बस अब सर पर इतना भार लगने लगा कि दिल कह रहा थी जीत हो लेकिन जल्द ही ये मैच भी। फैसले की घड़ी बड़ी ही असहज बना रही थी।
चौथे राउंड में अखिल एक जुझारु मुक्केबाज़ की तरह वर्ल्ड चैंपियन पर पिल पड़ा। देखने में मजा आने लगा। लग रहा था कि भूखा शेर अपने शिकार पर झपट रहा है। लेकिन सर्गी भी कहां हार मानने वाला था। इस राउंड में एक समय ऐसा आया कि सर्गी 9 के मुकाबले 7 अंक से आगे हो गया। लेकिन अखिल अब विरोधी पर कहर बन कर टूट पड़ा मैच मे कर ली वापसी। अखिल को इल्म था कि करोड़ों लोगों की आस को वो यूं ही नहीं तोड़ सकता और लगा कि ये दिन अखिल के नाम ही बना है। दो स्ट्रेट पंच ने पासा पलट दिया और स्कोर 9-9 होगया। अब लगा कि एक प्वाइंट और मिल जाए तो अखिल जीत जाए। लेकिन प्वाइंट था कि मिल ही नहीं रहा था जबकि अखिल के मुक्के हिला रहे थे सर्गी को। हर मुक्के पर लग रहा था कि ये प्वाइंट अखिल को मिला लेकिन स्कोर देखते तो बराबर। अखिल जबर्दस्त सटीक, आक्रमक और तकनीक का परिचय दे रहा था। लग रहा था कि अब प्वाइंट मिला, अब प्वाइंट मिला, अब मिला और देखते देखते ही मैच खत्म। चारों राउंड की समाप्ति पर स्कोर बराबर।
फैसला 5 सदस्यीय जज के पैनल को करना था और दिल की धड़कन थोड़ी थमने लगी। दिल और आंखों को ये विश्वास ही नहीं हो रहा था कि वर्ल्ड चैंपियन के साथ भिड़ने वाला ये शख्स भारतीय है। ये वो ही मुक्केबाज है जो कि एक साल से अपनी क्लाई के इलाज से जूझ रहा था। और फैसले से पहले ही अखिल जब दूसरे खेमें से हाथ मिलाने गया और सर्वी पस्त सा दिखने लगा तो लग गया कि जीत गया है हमारा अखिल। हमारे अखिल ने हमें आजादी के इस मौके पर ये तोहफा दिया है। ऑफिस में सब एक साथ खुशी से चीख पड़े और जब देखा कि सर्गी रो रहा है तो थोड़ा ठिठके कि सर्गी ने रैफरी से हाथ छुड़ा लिया और रोने लगा। हम यहां खुशी से झूम गए। अखिल ने जीत के बाद कहा कि वो गोल्ड से नीचे कुछ नहीं सोच रहे।
( "It will be a tough fight, but I am here to win the gold। I am ready to face the world champion because I want to be the No. 1 in the world. I will show this on August 15," said Akhil.(cout AFP) अखिल ने ये बात पिछली जीत के बाद कही थी)
वैसे भी अखिल ने पिछले कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता। एशियन ओलंपिक क्वॉलिफाइंग टूर्नामेंट में भी नंबर वन बॉक्सर रहा अखिल। अखिल ने फिर से जगाई है उम्मीद कि बीजिंग में फिर से सुनाई दे हमारा राष्ट्रगान, जन गण मन....।

आपका अपना
नीतीश राज

(स्वतंत्रता दिवस की बहुत बधाई)
फोटो साभार- गुगल, रॉयटर्स,एएफपी
कोट साभार- एएफपी
“जब भी बोलो, सोच कर बोलो,
मुद्दतों सोचो, मुख्तसर बोलो”