Showing posts with label ऑफिस. Show all posts
Showing posts with label ऑफिस. Show all posts

Sunday, May 3, 2009

पीठ पीछे वार करने वालों की कमी नहीं है, बहुत बुरी चोट करते हैं ये चुगलखोर, ‘एक प्रोड्यूसर की आपबीती’।

अरे भई, तुम ने देखा नहीं था क्या? यार, देख तो लेते कि क्या जा रहा है ऑन एयर? देखो उसका चेहरा तक छिप गया लॉन्ग शॉट में। थोड़ा तो देखना चाहिए था। वैसे तो अपने आप को सच्चा प्रोफेशनल कहते हो फिर भी ये गलती तुम से कैसे होगई। पूरे शॉट में टैक्सट पढ़ा ही नहीं जा रहा था। वो तो छोड़ों क्या ऑडियो चैक नहीं किया गया था? ऑडियो तो यार प्रोग्राम से पहले ही चैक होता है ना यार। चलो कैमरा फ्रेम तो प्रोग्राम शुरु होने से पहले बनते हैं पर ऑडियो, जान रहे हो ना क्या कह रहा हूं कि ऑडियो, तुम ये तो अच्छे तरीके से समझते होगे, पहले चैक होना चाहिए था कि नहीं। लोगों को ऑडियो नहीं सुनाई दे रहा, क्या खाक वो हमारे प्रोग्राम को सुन पाए होंगे। कभी ऑडियो आता था कभी ऑडियो नदारद, क्या कर रहे थे लोकेशन पर सुबह से आकर...हूं...हूं... मस्ती कर रहे होंगे सब...कूड़ा कर दिया ना प्रोग्राम का? बताओ, तुम बताओ, जवाबदेही तो तुम्हारी ही हुई ना कूड़े की।

ये सारे सवाल हैं एक आउटडोर प्रोग्राम के बाद बॉस और सीनियर्स के। सवाल उस से पूछे जा रहे हैं जो कि इस प्रोग्राम का प्रोड्यूसर है। एक शख्स और इतने सवाल, कैसे जवाब दे? चलो एक रास्ता निकाला उस प्रोड्यूसर ने।
सवालों के जवाब के सिलसिले को यूं शुरू करते हैं। तो सबसे पहले सवाल का जवाब उसने कुछ यूं दिया।

जिस लॉन्ग शॉट में गेस्ट का चेहरा छुप गया था उस कैमरे पर सबसे सीनियर कैमरामैन थे। उन्हें उस प्रोड्यूसर ने दो चार बार, बार-बार इस बाबत याद दिलाया था कि हो सके तो थोड़ा फ्रेम खोल दीजिए पर वो उसके सहयोगी के सामने उसका मजाक उड़ा कर चले गए। सहयोगी उसके ऊपर हंसता हुआ उनकी पूंछ बनकर उनके पीछे-पीछे दुम हिलाने लगा। ये वो सहयोगी था जो कि वहां पर भेजा ही इसलिए गया था कि उस प्रोड्यूसर के काम पर नज़र मार ले पर वो तो अवसर हाथ से निकलने के कारण उस प्रोड्यूसर का कूड़ा ही चाहता था। पर ये बात बॉस क्यों समझें?

दूसरी बात, जब ऑफिस में प्रोग्राम से पहले सभी कैमरा फ्रेम चैक कराए जा रहे थे तो उस समय वहां पर खड़े महारथी (एक और सीनियर प्रोड्यूसर) ने इस बात पर ध्यान क्यों नहीं दिया। उस प्रोड्यूसर का दोष तो है ही पर क्या जो-जो ऑफिस में खड़े होकर एक-एक फ्रेम में नुस्क निकाल रहे थे, क्यो वो सब बता नहीं सकते थे। जो कि बाद में उस प्रोग्राम को गिरवाने की बात भी करने लगे। क्या ऑफिस में कैमरा फ्रेम इसलिए चैक हो रहे थे की सभी कैमरे पर काला भरा हुआ है कि नहीं। वो अंधा हो गया था, कैमरामैन अंधे हो गए थे पर क्या ऑफिस में भी सभी अंधे हो गए थे।
जहां तक प्रोग्राम के नाम की बात है जो नहीं पढ़ा जा रहा था वो लाइट की प्रोब्लम थी जिसे की सभी ने हल करने की कोशिश की थी पर हो नहीं सकी थी। जहां तक ऑडियो की बात है वो सभी पहले से ही चैक किए गए थे एक नहीं दो-दो बार चैक हुए थे उसकी ऑखों के सामने, पर वो गलती गई थी सैकेंड भर के लिए। हां, स्पीकर के ऑडियो में क्या प्रोब्लम हुई थी पता नहीं पर वो अंत तक ठीक नहीं हो सकी थी।

प्रोग्राम शुरू होने से पहले ऑडियो वाला कहता है सब ठीक है, कैमरामैन कहता है सब ठीक है, लाइटमैन कहता है सब ठीक है, एंकर कहता है सब ठीक है। पर फिर भी कुछ गलती हो जाए तो क्या करे प्रोड्यूसर। जिम्मेदारी ले, जवाब देता फिरे।

पीठ पीछे कुछ लोग हमेशा से ही बात का बतंगड़ बना देते हैं। ऑफिस में मौजूद एक शख्स बार-बार सीनियर्स के कान में आग उगलता रहा और वो आग सीनियर्स कब तक अपने कान में रखते तो उन्होंने वो आग उस प्रोड्यूसर के कान में भी उगल दी जो कि दोगुनी थी। उस सीनियर शख्स ने तो अपनी तरफ से कोई कसर नहीं छोड़ी थी प्रोग्राम को ऑन एयर ना करवाने में, पर होता वही है जो मंजूरे खुदा होता है। उस चाटूखोर को काम छोड़कर सभी काम मजे से आते हैं। उसने एक प्रोग्राम की खूब रेड पीटी थी और वहां पर मौजूद सीनियर्स से गालियां भी खूब खाईं थी।

चलो बॉस ने उस प्रोड्यूसर को कुछ नहीं कहा पर हां एक बात जरूर है कि जिन्होंने भी उसे कुछ भी कहा वो उस पद के नहीं थे जिस से उसे कोई भी हानी होती। पर कान के कच्चों से बाजी कभी भी पलट सकती है।
कुछ चाटूखोरों को छोड़कर उस प्रोग्राम को सबने गलत तो नहीं कहा। पर हां, कुछ गलतियां जरूर थी पर गलतियों से ही तो सीखता है आदमी। और, इस गलती ने तो उस प्रोड्यूसर को दोहरी सीख दी।

आपका अपना
नीतीश राज

Thursday, November 20, 2008

‘लिफ्ट याने मदद, पर ऐसी घटना से लगता है ना करो मदद’

ऑफिस की भागदौड़ के बाद जब हम ऑफिस से निकले तो रात के ११ बजने को थे। वैसे भी शाम को कुछ काम और काम से बड़ा उसको सही ढंग से ऑनएयर करने का प्रेशर कुछ ज्यादा ही रहता है। मैं और मेरे सहयोगी एक साथ हम नीचे उतरे सोचा कि चलो कहीं चलकर कुछ खा लें, फिर दोनों घर की तरफ रुखस्त हों। वैसे भी हम दोनों के रास्ते जुदा हैं एक पूर्व रहता है और दूसरा पश्चिम।
सहयोगी ने ऑफर किया कि चलो पहाड़गंज में एक अच्छा होटल है चलो वहीं चलकर कुछ खा पी लेते हैं, और फिर वो मुझे वापिस ऑफिस छोड़ कर घर चले जाएंगे। भूख के कारण मुझे भी ये फैसला उचित लगा। दोनों की हालत लगभगा एक जैसी थी, दोनों ने जल्दी-जल्दी ड्रिंक और खाना खत्म किया और फिर दोनों घर की तरफ निकल लिए।
अगले दिन जब ऑफिस पहुंचे तो फिर काम में हम दोनों जुट चुके थे। बीच में एक ख़बर आई कि लिफ्ट के बहाने दो लड़कियों ने एक आदमी को हजारों का नहीं लाखों का चूना लगा दिया। पैसे, घड़ी, सोने की चेन, सोने की दो अंगूठी, कार सब लेकर गायब होगई। अब वो आदमी पुलिस के धक्के खा रहा था। मेरा सहयोगी कुछ देर तक अपने दोनों हाथ सर के पीछे करके बैठ गया। मैंने पूछा क्या हुआ। वो खबर की तरफ ज्यादा मुखातिब था, मेरी बात शायद उसने ठीक से सुनी नहीं। मैंने दोबारा पूछा। उसने बताया कि ब्रेक पर बताऊंगा।
ब्रेक में उसने बताया कि कल जब वो मुझे छोड़ कर घर जा रहा था तो दो लड़कियों ने उससे भी लिफ्ट मांगी थी। उसने सोचा कि चलो सलवार सूट में सीधी-साधी लड़कियां हैं। उन दोनों लड़कियों को भी वहीं तक जाना था जहां पर मेरे सहयोगी को जाना था। दोनों को लिफ्ट दे दी, यूं ही तीनों में आपस में बात होने लगी। फिर एक लड़की ने पूछा कि क्या उसने खाना खा लिया है। मेरे सहयोगी ने हां में सर हिलाते हुए जवाब के साथ सवाल पूछ लिया कि और आप लोगों ने? दोनों ने ना में सर हिला दिया। फिर लड़कियों ने एक रेस्त्रां में जा कर कुछ खाने की बात कही। सहयोगी को उस रेस्त्रां की पूरी हिस्ट्री पता थी उस को समझने में देर नहीं लगी कि वो शायद किसी जाल में फंसता जा रहा है। क्योंकि उस जगह पर कॉर्ल गर्ल और शराब दोनों देर रात तक आसानी से मुहैया होते हैं।
अब मेरे सहयोगी ने अपना पीछा उन दोनों से छुड़ाने की कोशिश शुरू कर दी और फिर पता चली वो असलियत जिस के लिए मेरे सहयोगी ने अपने आप को तैयार कर लिया था। यदि आप खाना नहीं खा सकते तो दो-दो ड्रिंक ही कर लीजिए। हमें आपकी मनपसंद जगह पर भी जाने से एतराज नहीं हैं। हमसे सस्ते रेट आपको नहीं मिलेंगे। यदि आपके पास जगह नहीं है तो हमारे पास है लेकिन उसका एक्सट्रा लगेगा, पर आपके लिए हम उसमें भी डिस्काउंट करवा देंगे। यदि पैसे कम है तो आप अपने दोस्तों को भी बुला सकते हैं हम उन्हें भी सर्विस दे देंगे पर दाम फिक्स हैं। यदि कहीं नहीं जाना तो हम अपनी सर्विस आपको आपकी कार में भी दे सकते हैं। लंबी और बड़ी गाड़ी में हमको भी दिक्कत नहीं होगी।
मेरे सहयोगी ने दोनों को बड़े ही प्यार से बहला फुसलाकर वहां से चलता किया पर उसको एक काम जरूर करना पड़ा कि जहां से उनको बैठाया था वहां पर वापस छोड़ना पड़ा। क्योंकि पुलिस की धमकी से मेरा दोस्त खुद फंस सकता था और लड़कियों की एक आवाज से सहयोगी अस्पताल और हवालात दोनों जगह बड़े ही आराम से घूम कर आसकता था। सच मेरे सहयोगी ने बहुत ही अक्लमंदी का परिचय देते हुए दोनों से पीछा छुड़ाया।
बाद में उसने बताया कि, वो इन सब बातों के दौरान सिर्फ उन दोनों लड़कियों की शक्ल देख रहा था। और सोच रहा था कि क्यों उस समय भगवान ने ये अक्ल दे दी कि भली समझकर लिफ्ट दे दी। सभी राहगीरों पर से उठते अपने विश्वास को अपने अंदर कहीं टूटता हुआ महसूस कर रहा था। और शायद कहीं किसी जगह छोटे से कोने में ये सच भी हमारे अंदर पनप रहा है।

आपका अपना
नीतीश राज

Friday, August 1, 2008

पंडित जी, तुसी ग्रेट हो...

हमारे ऑफिस के बाहर एक पान का ठिया है। जहां पर कोई सिगरेट पीने और हम जैसे जो पान के शौकीन हैं वो पान खाने चले जाते हैं। यहीं पर खड़े होकर अधिकतर ऑफिस की राजनीति, खेल, हरियाली सभी तरह की बातें होती हैं। यहां पर एक 45-50 साल के शख्स बैठते हैं जिन्हें लोग पंडित जी कहकर बुलाते हैं। वैसे साथ में उनके दो बेटे भी हैं जो उनका इस काम में बखूबी हाथ बटाते हैं। पंडित जी तो ज्ञान के भंडार हैं। उनसे किसी बात पर भी आप बात कर सकते हैं और वो ज्ञान देने में हैं भी बहुत काबिल हैं। वो अपनी बातों से आप को घंटों उलझाए रह सकते हैं।
आप एक पान बनवाने जाएं और सौ फीसदी गारंटी के साथ ऑफिस की खुफिया से खुफिया जानकारी लेकर वापस ऑफिस में लौट आएं। हम ऑफिस में काम करते हैं जो बात हमें नहीं पता होती वो उनको पता चल होती है। ऑफिस की जो जानकारी आप के पास नहीं हो वो आप उनसे जा कर ले लीजिए और फिर वो ही नमक मिर्ची बनकर ऑफिस के गलियारे में घूमती फिरती हैं। आप को जानना है कि कौन लड़की कब जाती है, किसके साथ जाती है कहां जाती है या किसके साथ कुछ चक्कर चल रहा है। तो जवाब बिना किसी लाग लपेट के हाजिर है जैसे कि एक पान का बीड़ा दे रहे हों। मर्द हो या लड़की फैशनेबल है या नहीं सब पंडित जी की आंखों में चमकते रहते हैं। इस साल किस के साथ ऑफिस में क्या खेल होने वाला है उस तरह की जानकारी के साथ पंडित जी हमेशा हाजिर रहते हैं। आपको पता हो ना हो कि फलां के साथ फलां ने क्या कर दिया लेकिन उनको पता होगा। कौन आज लिफ्ट में किस से टकरा गया। हर किस्म का और हर तरह का मसाला उनके पास होता है। अरे, आप उस लड़की की बात तो नहीं कर रहे जिसका इंजन हमेशा ही चालू रहता है। पंडित जी मतलब? अरे! वही जो खूब सिगरेट पीती हैं।
कई लड़कियों के नाम तो उन्होंने सिगरट के ब्रांड के नाम पर रख रखे हैं। वो विल्स वाली, नेवीकट वाली, मालबोरो वाली, गोल्ड फ्लेक वाली ये तो हुई सिगरेट वालियों के नाम। कोई चपरासी यदि किसी मैडम के लिए सिगरेट या फिर पान लेने आया और आप वहीं खड़े हैं तो बस फिर तो उन मैडम की पूरी हिस्ट्री सुन लीजिए हमारे पंडित जी के मुंह से। कब देखा, कहां देखा, क्या देखा, साथ में कौन था वगैरा-वगैरा।
पानवालियों के नाम भी उन्होंने रख रखे हैं। वो जो 120 नंबर का पान खाती हैं, या 300 नंबर वाली, अरे जिनके पान में यदि चूना थोड़ा भी ज्यादा लग जाए तो बाप रे, क़हर बरपा देती हैं। अरे, वो 300 नंबर पान खाने वाली को क्या होगया है। कई दिनों से देख रहा हूं कि सुबह आ जाती हैं और देर रात तक ऑफिस में रहती हैं। साथ में अब तो क्लासिक की दो -दो डिब्बी खींच जाती हैं। आखिर क्या माजरा हैं? अब इन्हें क्या बताए की आप अपनी दुकान के मालिक हैं जब चाहेंगे, दुकान बंद करेंगे, चल देंगे, कोई भी पूछने वाला नहीं। लेकिन नौकरी करने वाले को ये आज़ादी कहां? नौकरी करते हैं अपनी दुकान तो है नहीं। वैसे जब भी उनकी तरफ से सवाल उछला जाता है तो वहां खड़े लोगों में से कोई भी बात का जवाब देना पसंद नहीं करता। सभी जानते हैं कुछ भी बोलोगे तो बात यहीं पर खत्म नहीं होगी वो तो फिर पूरे ऑफिस में घूमेगी। और एक बार बात निकली तो दूर तलक जाएगी। फिर बात की खिचड़ी बनने में कितनी देर लगती है?
पंडित जी सब जानते हैं, वो ये भी जानते हैं कि आप की उन महाशय से लगती है और वो इस बात का बतंगड़ बनाने से भी नहीं चूकते। आप एक चुटकी (सुपाड़ी का एक ब्रांड) लेने पहुंचिए तो आप के साथ चुटकी लेने से भी वो नहीं चूकेंगे। उनको दूसरे की वॉट लगाने में जरा भी झिझक नहीं होती। यदि उनकी आप से ठन गई है तो फिर प्यार से बातों में खूब गुलुकंद और चटनी मिलाकर के आप के विरोधी की तारीफ करेंगे।

एक हथियार से दो वार करते हैं। एक तो आप सिगरेट से कलेजा जलाइए और फिर उनकी बातें आप को जलाएंगी।
बस, पंडित जी की ये ही बातें ऑफिस वालों को उनके पास लेजाती हैं और ये ही दूर। आप जल्दी कहेंगे लेकिन वो तो अटल बिहारी वाजपेयी जी की बातों की स्पीड से भी धीरे हाथ चलाएंगे। आप उनसे अपना ब्रांड मांगेंगे वो दूसरे से बात करने में मशगूल रहेंगे। उनके पास जाना मतलब 10-15 मिनट एक पान के लिए लगाने होंगे। वैसे भीड़ तो थोड़ी बहुत होती है लेकिन यदि वो खाली भी हैं तब भी वो जल्दी करने वाले नहीं। अब उम्र में इतने बड़े हैं कि कोईं भी उन्हें कुछ कह नहीं पाता। लेकिन इंटरटेनमेंट का पूरा मसाला हैं पंडित जी।
मुझे तो हमेशा कहते हैं कि, 'यार, जब भी तुम्हें देखता हूं तो बड़ा शुकून मिलता है'।
मैं पूछता हूं 'क्यों'?
तो जवाब 5-10 मिनट बाद देते हैं। जब कि उन्हें एक-दो बार टोक नहीं दिया जाए। अरे भई, जवाब तो सुनना ही है।
पान का बीड़ा हाथ में देते हुए बोले, 'तुम मुझसे भी ज्यादा परेशान दिखते हो, बड़ा ही शुकून मिलता है, देखने से लगता है कि भगवान ने मुझसे भी ज्यादा किसी की ले रखी है।'
क्या बात कर रहे हैं। जी में आता है कि कहूं, क्या मेरे चेहरे पर लिखा है कि में 'वो' हूं। अरे, जड़ भी तो आप ही हैं। 15-20 मिनट में निगोड़ा एक पान लगाते हैं, और बात बनाते हैं वो ही पुरानी। ऑफिस की 5 दिन की पुरानी बासी खबरें देते हो, उसका फॉलोअप भी नहीं रखते। शर्म भी नहीं आती। पंडित जी, अब सब बासी होगया है। आप का खूफिया तंत्र किसी काम का नहीं रहा। अगली बार जब आऊं और आप के पास कोईं ताजा खबर नहीं हो तो दो मिनट में पान दे दीजिएगा।

आपका अपना
नीतीश राज
“जब भी बोलो, सोच कर बोलो,
मुद्दतों सोचो, मुख्तसर बोलो”