Friday, June 26, 2009

नहीं रहे किंग ऑफ पॉप, माइकल जैक्सन का निधन


कह सकते हैं कि आज पॉप का एक युग खत्म हो गया। पॉप के बेताज बादशाह माइकल जैक्सन अब हमारे बीच नहीं रहे। काफी दिन से बीमार चल रहे माइकल को आज रात करीब सवा तीन बजे अपने घर पर दिल का दौरा पड़ा जिसके बाद उन्हें अस्पताल में दाखिल करा दिया गया। पर माना ये जा रहा है कि जब डॉक्टर की टीम उनके घर पर पहुंची तब वो अपनी अंतिम सांस ले चुके थे। इधर जैसे-जैसे ये ख़बर उनके चाहनेवालों को लगी वो उकला मेडिकल सेंटर पर जमा होने लगे। इमरजेंसी वार्ड को पुलिस ने चारों ओर से घेर लिया पर चाहनेवालों की भीड़ है कि वो कम ही नहीं हो रही है। हर जगह कोने-कोने में देखे जा सकते हैं उनके चाहनेवाले। साथ ही शुरुआत में पुलिस ने लॉस एंजिलिस में जैक्सन के घर की तरफ जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया है जो कि बाद में खोल दिया गया।


संगीत और माइकल का साथ


माइकल का दूसरा नाम भी था और वो था पॉप संगीत। आज भी सब मानते हैं कि ये विवादास्पद सिंगर सिर्फ म्यूजिक के लिए ही बना था। माइकल ने संगीत की दुनिया में एक छत्र राज किया। साथ ही इस पॉप के सरताज को वैको जैको के नाम से भी जाना जाता था। जैक्सन ने लोकप्रियता का वो रिकॉर्ड कायम किया, जिसे शायद ही कोई तोड़ पाए। इस शख्स ने की आवाज ने संगीत की पहचान बदल दी। माइकल जैक्सन ने नाच और गाने के मतलब को ही बदल दिया। अलग अंदाज में रहने वाले शख्स काला चश्मा, लंबे बाल, और अनोखे अंदाज वाले शख्स ने दुनिया को अपना दीवाना बना दिया। इक्यावन साल की उम्र और ना जाने कितने मुकाम। कामयाबी का जो सिलसिला ग्यारह साल की उम्र में शुरू हुआ, वो बस आगे चलता ही गया। अस्सी और नब्बे के दशक में तो सिर्फ और सिर्फ माइकल ही माइकल का नाम था। भारत में भी माइकल का जलवा काफी देखा जाता रहा, भारत में भी बहुत चाहनेवाले हैं।
जैक्सन के थ्रिल को दुनिया भर में पहुंचाया उनके एल्बम थ्रिलर ने। जरा सोचिए। 1982 में इस एल्बम की 10 करोड़ से भी ज्यादा कॉपियां बिकीं। सबसे ज्यादा बिकने वाले और गिनीज बुक में अपना नाम दर्ज करवा चुके इस एलबम की लोकप्रियता में आज भी कोई कमी नहीं आई है। ऐसा नहीं है कि यहीं आकर रुक जाती है जैक्सन की कामयाबी की दास्तान-डेंजरस, थ्रिलर, ऑफ वॉल, बैड, हर एलबम अपने में ही कामयाबी का एक मुकाम है। उनके बेहतरीन गीतों में आई वॉंट यू बैक, डोंट स्टॉप टिल यू गेट एनफ़, बिल्ली जीन, बैड, ब्लैक और व्हाइट, अर्थ सॉंग शामिल हैं।
माइकल अगले महीने अपना अंतिम शो लंदन के -टू-एरीना में 10 कंसर्ट की एक श्रृंखला पेश करने वाले थे और उसके टिकट कई महीने पहले ही बिक चुके थे। 2001 के बाद ये पहला लाइव शो होता। माइकल जैक्सन वर्ष 2006 में 'वर्ल्ड म्यूज़िक अवॉर्ड्स' के दौरान अपने प्रशंसकों के बीच आए थे और तब उन्होंने अपने गाने 'वी आर वर्ल्ड' की कुछ पंक्तियाँ गाकर सुनाई थीं। उन्होंने अपना आख़िरी वर्ल्ड टूर 12 साल पहले किया था. 1996-97 में उन्होंने दुनिया के 58 शहरों में 82 लाइव शो किए थे।


माइकल और वो दिन


जितना बड़ा नाम, उतना बड़ा संघर्ष। 1958 में अमेरिका के इंडियाना प्रांत के गैरी के एक ग़रीब घर में पैदा हुए माइकल जोसेफ जैक्सन नौ भाई बहनों में सातवें नंबर पर थे। जैक्सन के जीवन को अगर करीब से देखें, तो इस कामयाब जिंदगी के पीछे ऐसी-ऐसी मुश्किलें हैं, जो पहाड़ों तक को हिला कर रख दे। क्या मालूम है आपको कि जैक्सन दीवालिया भी हुए। जैक्सन ने अपने जीवन में अथाह संपत्ति देखी, तो एक वक्त ऐसा भी आया, जब खबर उनके दीवालिया होने तक की आई। जैक्सन पर उन्हीं दिनों एक म्यूजिक कंपनी ने करोड़ों डॉलर के मुआवजे का दावा भी ठोक दिया था।
किंग ऑफ पॉप के चाहने वालो को 1993 में गहरा धक्का लगा था, जब उनपर बाल उत्पीड़न के आरोप लगे थे। कोर्ट के चक्कर, पुलिस का जोर और दुनिया भर के ताने। लेकिन माइकल अडिग रहे और आखिरकार 2005 में उन्हें दुर्व्यवहार के आरोपों से बरी कर दिया गया।
खबरें ये भी आईं कि जैक्सन को स्किन कैंसर हो गया। वो कई दूसरी गंभीर बीमारियों से भी जूझते रहे। लेकिन जैक्सन ने इस बात से हमेशा इंकार किया कि वो बीमार हैं।


अंतिम पल

माइकल जैक्सन ने तो दुनिया को अलविदा कह दिया और उनके चाहनेवाले स्तब्ध हैं। कहीं गम है तो कहीं गम में भी खुशी ढूंढी जा रही है। कुछ इतने गमगीन हो गए हैं फूट-फूट कर रो रहे हैं और वहीं दूसरी तरफ उनके चाहनेवाले नाच गा कर उनको अलविदा कर रहे हैं। ये ही है पॉप के बादशाह को सच्ची श्रद्धांजलि।


आपका अपना
नीतीश राज

1 comment:

  1. दुखद है।
    हालांकि माइकल उम्रभर विवादों से घिरे रहे लेकिन पॉप संगीत को उन्होंने जो नया मुकाम दिया वो उद्भुत था है और हमेशा रहेगा।

    ReplyDelete

पोस्ट पर आप अपनी राय रख सकते हैं बसर्ते कि उसकी भाषा से किसी को दिक्कत ना हो। आपकी राय अनमोल है, उन शब्दों की तरह जिनका कोईं भी मोल नहीं।

“जब भी बोलो, सोच कर बोलो,
मुद्दतों सोचो, मुख्तसर बोलो”